प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज–मिर्जापुर राजमार्ग पर शुक्रवार को दिनदहाड़े युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाजार से घर लौट रही 20 वर्षीय युवती को कार सवार युवकों ने फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया। इस दौरान बदमाशों ने युवती के साथ चल रही उसकी 12 वर्षीय छोटी बहन को धक्का देकर गिरा दिया और युवती का मुंह दबाकर कार में बैठाकर फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर जाम खुलवाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद लोगों ने फिर से सड़क जाम कर दी। बाद में क्षेत्रीय विधायक संदीप पटेल और एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म किया।
इधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन के आधार पर टीम ने प्रयागराज जंक्शन पहुंचकर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया और एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूरी कार्रवाई करीब चार घंटे के भीतर पूरी कर ली गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा है। पूछताछ में दोनों ने पहले ही प्रेम विवाह कर लेने का दावा किया है। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है और युवती का बयान कोर्ट में दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं हाईवे जाम करने वालों की भी वीडियो के आधार पर पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।